- लार थाना क्षेत्र के कुंडावल हरि गांव का मामला, तीन चोर भाग निकले
चनुकी। रात में चोरी की नीयत के एक घर में घुसे चार में से एक चोर को घर वालों ने पकड़ लिया। पकड़े गए चोर की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया गया। घरवालों के अनुसार, तीन चोर मौका पाकर भाग निकले थे। चोर को लोगों ने रस्सी से बांधकर रखा था।
बताया जा रहा है कि लार थाना क्षेत्र के कुंडावल हरि निवासी सदानंद यादव के घर में बुधवार की रात महिलाओं ने कुछ गिरने की आवाज सुन कर परिजनों को जानकारी दी। घर में लोगों के उठने की आहट पाकर चोर चहारदीवारी फांदकर भागने लगे। इस दौरान एक चोर को घर वालों ने पकड़ लिया। शोर सुनकर गांव के लोग भी जुट गए। मौके पाकर भागे तीन चोरों का लोगों ने पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। पकड़े हुए एक चोर की लोगों ने धुनाई करते हुए रस्सी से बांध दिया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी ई। रात में ही गांव पहुंची पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लेकर काफी देर तक पूछताछ की कोशिश की, लेकिन उसने अपने साथियों के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। शाम तक भी उससे पूछताछ हो रही थी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने जिसे पकड़ा था, उसे थाने ले आया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में ऐसा लगा है कि वह किसी दूसरे जिले का है। इसके साथ कितने लोग थे पूछताछ में पता चलेगा। इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।