संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देख रहे 21 वर्षीय आर्यन सिंह ने गोरखपुर स्थित किराये के कमरे में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
यह घटना बृहस्पतिवार की देर रात तारामंडल क्षेत्र के भगत चौराहा स्थित मकान में सामने आई।
युवक की पहचान देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के लालपुर परसिया गांव निवासी आर्यन सिंह उर्फ रिशु सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आर्यन, रुद्रपुर स्थित उदय अकादमी स्कूल के प्रबंधक दयानंद सिंह का पुत्र था। वह गोरखपुर में रहकर सीए की तैयारी कर रहा था और किराये का कमरा लेकर अकेले रहता था।
बृहस्पतिवार की शाम उसके मोबाइल पर कई बार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने गोरखपुर निवासी उसके एक मित्र को फोन पर सूचना दी। जब मित्र पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। मकान मालिक ने खिड़की से झांककर देखा तो आर्यन का शव पंखे से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ कर शव को उतारा। परिवार वालों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस खुदकुशी के कारणों की जांच में जुट गई है। हालांकि, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
आर्यन दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई दिल्ली में सिविल सेवा की तैयारी कर रहा है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही पिता सदमे में बेसुध हैं और मां चंद्रलता देवी बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। घटना के संदर्भ में परिवार वाले कोई जानकारी दे सके।ी