सिविल लाइंस रोड पर पैसा वापस लेने के लिए प्रदर्शन कर रहे ग्राहको के चलते लगा जाम।संवाद
- फोटो : DEORIA
जमा रुपये वापस कराने के लिए प्रदर्शन
दो किलोमीटर लंबा जाम लगा, पुलिस के समझाने पर हुए शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। एक निजी बैंक में रुपये जमा करने वाले जमाकर्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने निजी बैंक के समीप सिविल लाइंस पर प्रदर्शन कर रुपये वापस कराने की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान सिविल लाइंस में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
शहर के सिविल लाइंस रोड स्थित एक निजी बैंक में जमा रुपये को निकालने पहुंचे खाताधारकों और बैंक कर्मियों से बहस हो गई। बैंक कर्मी जमाकर्ताओं को कंपनी की शर्त जमा रुपये की मियाद पूरी होने के बाद भी रुपये फिर से बैंक में जमा करने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर खाताधारक आक्रोशित हो गए और जिला पंचायत गेट के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम होने से शहर के ओवरब्रिज के पास से जिला पंचायत गेट तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इस दौरान सबसे अधिक दिक्कतों का सामना एंबुलेंस से मेडिकल जा रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को करना पड़ा। जबकि दूसरी तरफ परिवहन निगम की बसों में सवार यात्रियों और बाइक सवार लोगों को धूप में खड़ा रहना पड़ा। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराई। खाताधारक शिवम शर्मा, राहुल यादव, गुड्डू जायसवाल, संदीप जायसवाल ने बताया कि जमा रुपये निकालने के लिए कई माह से चक्कर लगा रहे है। बैंक के कर्मचारी बहाना बना रहे हैं। सभी खाताधारकों को बैंक कर्मी सलाह दे रहे हैं कि जमा रुपये की मियाद पूरी हो गई है। उसे फिर से बैंक में जमा कर दें जबकि हम लोगों को जरूरी काम है।