बरहज। आजमगढ़ और जौनपुर के पशु तस्करों ने बुधवार को भी बड़हलगंज के रास्ते जिले में प्रवेश करने का दुस्साहस किया। पुलिस ने पिकअप समेत दो तस्करों को बरेजी पुल पर गिरफ्तार कर लिया। पिकअप में सात मवेशी लदे थे, जिन्हें कान्हा हाऊस भेज दिया गया। गाड़ी में यूपी 50 नंबर का एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुआ है।
कपरवारघाट पुल पार करके आए दिन आजमगढ़ के तस्कर पशुओं को बिहार भेज रहे हैं। एक पखवारे में बरहज में ही तीन बार ऐसे मामले पकड़े भी जा चुके हैं। बुधवार को बरहज पुलिस को सूचना मिली कि मवेशियों से लदा पिकअप इस रास्ते जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने बरेजी पुल के समीप घेराबंदी कर दी। इसी बीच बरहज की ओर से एक पिकअप आती दिखाई दी।
गाड़ी रोकी गई तो उसमें सात गोवंश लदे मिले। मौके से दो पशु तस्कर भी पकड़े गए। पकड़े गए पशु तस्करों की पहचान आजमगढ़ के सरायमीर थाना के सुरही बुजुर्ग निवासी मुकेश चौहान पुत्र पलकधारी और जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर उसरहिया निवासी छोटेलाल चौहान पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार गाड़ी पर लगा नंबर प्लेट फर्जी मिला है। एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
मुकेश पर दर्ज हैं मुकदमे
बरहज। पैना क्षेत्र के बरेजी पुल के पास से पुलिस ने जिस दो पशु तस्करों को पकड़ा है उसमें से मुकेश चौहान पर कई अन्य संगीन मामलों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस के अनुसार मुकेश चौहान पर आजमगढ़ के निजामाबाद थाने में आर्म्स एक्ट और सरायमीर थाने में डीपी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।