खुखुंदू। थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार की सुबह पीड़िता माता-पिता को बुलाकर मायके पहुंची, जहां उसका इलाज चल रहा है। माता-पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि दो दिन पहले सास और देवरानी ने भी पिटाई की थी।
खुखुंदू गांव निवासी रामसरीखा ने बेटी प्रेमशीला की शादी क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी एक युवक से की है। आरोप है कि ससुराल वाले आए दिन गाली-गलौज करते हैं और उसे मारते-पीटते हैं। सोमवार को इसी बात को लेकर प्रेमशीला की सास और देवरानी ने पिटाई की थी। मंगलवार की रात में पति ने बेरहमी से पिटाई की। रामसरीखा ने बताया कि बेटी का गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। इस दौरान बेटी साक्षी मां को बचाने के लिए चिखती-चिल्लाती रही। बुधवार की सुबह बच्ची ने छिपकर मोबाइल फोन से नाना-नानी की पूरी बात बताई।
एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ है। दोनों को थाने बुलाया गया है। अगर पत्नी कार्रवाई चाहती है तो केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद