संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। बरवा सेमरा गांव के बड़े टोला स्थित शिव मंदिर के पास शुक्रवार की शाम खेलने गई पांच साल की बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। देर रात स्क्वायड डॉग की टीम ने मौके पर छानबीन की, मगर बच्ची कापता नहीं चला।
सीओ संजय कुमार रेड्डी मय फोर्स पहुंचकर जांच-पड़ताल और परिजनों से पूछताछ की। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, बरवा सेमरा गांव निवासी राजू यादव की बेटी प्रिया यादव दो सहेलियां सोनाली और आयुषी के साथ गांव के शिव मंदिर के पास लुका छिपी खेल रही थी।
देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो मां सुनीता देवी उसे खोजते हुए मंदिर पर पहुंचीं। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद जब उसका पता नहीं चला तो उसने डायल 112 पर सूचना दी।
इसके बाद मय फोर्स मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने भी काफी देर तक मासूम की तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। डॉग स्क्वायड की टीम ने बच्ची की तलाश की, मगर कामयाबी नहीं मिल पाई।