देवरिया। देवरिया बाईपास का निर्माण करा रही फर्म बिना अनुमति के अवैध मिट्टी खनन करा रही है। डीएम के निर्देश पर हुई जांच में इसकी पुष्टि हुई है। अब डीएम के आदेश पर संबंधित फर्म पर पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। साथ ही फर्म का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
विज्ञापन
अवैध खनन की लगातार मिल रहीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम मधुसूदन हुल्गी ने खनन विभाग को मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इस पर खनन निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा ने जांच अभियान चलाया। खनन निरीक्षक ने बताया कि संबंधित फर्म को प्रारंभिक नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब एवं साक्ष्य प्रस्तुत न किए जाने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बनकटा एवं खुखुंदू थाना क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त एक-एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई है।