बरियारपुर। थाना क्षेत्र के विशुनपुर कला के टोला महुआबारी गांव में लेनदेन के मामले में पीटकर पति की हत्या की आरोपी पत्नी और उसके भाई व भांजे के खिलाफ पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, देर शाम घरवालों ने मुकेश का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर कला महुआबारी निवासी (40) मुकेश सिंह पुत्र टेल्हू सिंह का पत्नी संगम देवी से विवाद चल रहा था। गांव में चर्चा है कि मुकेश ने नया घर बनवाने के लिए गांव के पास स्थित अपनी थोड़ी जमीन भी बेची थी। मुकेश पहले अधूरे घर को पूरा कराना चाहता था कि, जबकि पत्नी संगम देवी रुपये अपने पास रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर सोमवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई।
मृतक के भाई अवधेश का आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने अपने भाई जिउत निवासी पिपरा झाम जिला कुशीनगर और बहन का पुत्र आदित्य निवासी महुआडीह हाटा, जिला कुशीनगर को बुला लिया। तीनों ने मिलकर मुकेश सिंह को कमरे में बंद कर डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में पत्नी ही उसे लेकर अस्पताल गई। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पत्नी शव को अस्पताल में छोड़कर भाग गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर सीओ सलेमपुर मनोज कुमार तथा फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। देर रात इस मामले में मृतक मुकेश के भाई अवधेश की तहरीर पर पत्नी संगम देवी, साला जिउत और संगम देवी के बहन के पुत्र आदित्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एसओ दीपक सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अंतिम संस्कार के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सोमवार को होनी थी छत की ढलाई : ग्रामीणों के अनुसार मुकेश सिंह खेत में मकान बनवा रहा था। दीवार तक का काम पूरा होने के बाद सोमवार को छत की ढलाई होनी थी।