बघौचघाट। कृषि मंत्री और एक युवक के बीच हुई तीखी बातचीत का जो ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में युवक पर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बघौचघाट पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर पथरदेवा क्षेत्र के बेल्महा बाजार निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री मेहरुद्दीन शाह पहलवान ने दी है।
मेहरुद्दीन शाह पहलवान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार देर शाम जब वह अपने मोबाइल फोन पर फेसबुक चला रहे थे, तब उन्हें एक फेसबुक आईडी पर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के संबंध में अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए बातचीत का एक ऑडियो सुनने को मिला, जिसे किसी अज्ञात द्वारा वायरल किया गया था। ऑडियो क्लिप सुनकर उन्हें काफी आत्मग्लानि हुई। इस संबंध में प्रभारी एसएसआई अरविंद यादव ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, जिसकी जांच-पड़ताल की जा रही है।