सलेमपुर। एक गांव में शुक्रवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी लाश गांव के बाहर बागीचे में फंदे से लटकते हुए लोगों ने देखा। उसके घरवाले युवती को मंदबुद्धि बताते हुए खुदकुशी करने की बात कह रहे हैं। लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मानकर मामले की छानबीन कर रही है। युवती की लाश मिलने की खबर पर पहुंचे गांववालों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
कोतवाली क्षेत्र सहला गांव के पुरा दाखिला टोला निवासी बीरेन्द्र चौहान की 18 वर्षीय बेटी पुष्पा की लाश गांव के बाहर बागीचे में एक पेड़ पर फंदे से लटकती हुई मिली। लाश मिलने की खबर मिलते ही गांववालों की भीड़ जुट गई। मौके पर जुटे लोगों में बीच युवती की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। सूचना के तीन घंटे बाद एसडीएम राकेश सिंह, सीओ गणेश प्रसाद मिश्र, इंस्पेक्टर रामअवतार यादव मौके पर पहुंचे। उसके पिता बीरेन्द्र चौहान ने पुलिस को लिखित रूप से बताया है कि उसकी बेटी मंदबुद्धि की थी। इसके चलते वह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भले ही पुलिस उसके पिता की बातों पर यकीन कर रही है। लेकिन यह बात लोगों के गले नहीं उतर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत इंस्पेक्टर रामअवतार यादव ने बताया कि घर वाले युवती मंद बुद्धि होने की बात कह रहे हैं। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।