बरहज। नदी पार स्थित गांव परसिया देवार के चौहान टोला की एक महिला ने अपनी बेटी और बेटे संग सरयू में छलांग लगा दी। मां और बेटी की डूबकर मौत हो गई। लेकिन नदी की धारा के साथ बह रहे बेटे को नाव से जा रहे साहसी लोगों ने बचा लिया। बाद में मां बेटी का शव नदी में काफी तलाश के बाद मिला। पुलिस ने पंचनामा बना कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना का कारण पता नहीं चल सका है। महिला का पति मुंबई में काम करता है।
थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया देवार के चौहान टोला निवासी गुड्डी (32) पत्नी झाबर चौहान अपनी छह वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे संग सरयू नदी में छलांग लगी दी। मां और बेटी की डूबकर मौत हो गई। जबकि उसका बेटा नदी की धारा के साथ बहता हुआ जा रहा था। वह रो रहा था। उसी दौरान नाव से जा रहे बिशुनपुरा गांव के निर्मल यादव और भोला यादव को उसके रोने की आवाज सुनाई दी। दोनों ने साहस दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला। बाद में पहुंचे गांव के लोगों ने नदी में मां बेटी की तलाश की जिसके बाद उनका शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और पंचनामा बनाकर दोनों शव परिजनों को साैंप दिया। महिला का पति मुंबई में काम करता है। गांववालों ने उसे सूचना दे दी है। घटना के कारणों के बारे में पता नहीं चल पाया है।