परीक्षा परिणाम आने पर खुशी मनाते महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच के छात्
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम बैच का परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित हो गया। काॅलेज के 99 प्रतिशत छात्र छात्राओं ने सफलता प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रजनी पटेल ने बताया कि प्रथम बैच में कुल 98 एमबीबीएस छात्र-छात्राएं थे। इसमें से 97 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। बैच में 97 में से 39 छात्राएं शामिल थीं और सभी छात्राएं सफल रहीं। सिर्फ एक छात्र एक विषय में अनुत्तीर्ण हुआ है, जबकि शेष सभी छात्र सफल हुए हैं।
प्राचार्य ने बताया कि यह परिणाम मेडिकल कॉलेज में शिक्षा की गुणवत्ता एवं छात्रों की मेहनत को दर्शाता है। 99 प्रतिशत सफलता प्राप्त होना मेडिकल कॉलेज परिवार तथा जनपद के लिए गौरव की बात है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एचके मिश्रा ने इस उपलब्धि पर सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्राध्यापकों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।