देवरिया। जिले में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें 130 मामले आए, जिसमें से 35 मामलों का निस्तारण किया गया।
पुलिस ने इस बार थाना दिवस पर नया प्रयोग किया। थाना में हलकों के हिसाब से अलग-अलग डेस्क लगाए गए। इस पर हल्का प्रभारी व बीट पुलिस अधिकारी ने अपने-अपने हल्का, ग्राम, बीट की डेस्क लगाकर जनसमस्याएं सुनीं। सलेमपुर कोतवाली में एडीएम एफआर रामशंकर, नायब तहसीलदार हरि प्रसाद की मौजूदगी में फरियादियों ने अपनी समस्या सुनाई।
अधिकारियों ने पुलिस और राजस्व टीम को तत्काल मौके पर भेजकर निस्तारित कराया। इसी प्रकार बरियारपुर थाने पर एसओ दीपक सिंह के नेतृत्व में थाना दिवस का आयोजन हुआ। इसमें भूमि विवाद के सात मामले आए, जिसमें तीन मामले का निस्तारण किया गया। खुखुंदू थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व से संबंधित दो मामले आए, लेकिन एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं किया गया।