मेडिकल कॉलेज में 85 छात्रों ने लिया प्रवेश, 14 से शुरू होगी पढ़ाई
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रथम वर्ष के लिए पढ़ाई की तैयारी कर ली गई है। 14 फरवरी से कक्षाएं एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। विभाग, क्लास रूम व अन्य संसाधन ठीक किए जा रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष में सौ सीट है। इसमें प्रदेश कोटे से 85 तथा आल इंडिया काउंसिलिंग से 15 सीट पर दाखिला के लिए प्राचार्य डॉ. राजेश बरनवाल ने एनाटामी विभाग के अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय पांडेय के नेतृत्व में समिति गठित की। प्रवेश समिति के सदस्य के रूप में डॉ. अनिता रावत, डॉ. सोनू कुमार, डॉ. शालिनी गुप्ता व डॉ. देवप्रिया तथा मेडिकल बोर्ड में मेडिसिन विभाग के डॉ. विजय गुप्ता,डॉ. विकास मल्ल, सर्जरी विभाग के डॉ. राकेश कुमार, डॉ. राहुल देव, नेत्र रोग विभाग के डॉ. प्रकाश कुमार, डॉ. श्रीकांत सिंह, रेडियोलॉजी विभाग के डॉ. टीएन झा, डॉ. शिशिर कुमार, माइक्रोबायोलॉजी के डॉ. राजीव किशोर सक्सेना, स्त्री रोग विभाग की डॉ. बबिता कपूर, डॉ. निहारिका तथा पैथालॉजी विभाग की डॉ. रितिका जायसवाल को शामिल किया गया। समिति ने अभिलेखों की जांच तथा मेडिकल परीक्षण के बाद प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की। इसमें प्रदेश कोटा से 82 तथा आल इंडिया कोटा से तीन छात्रों ने प्रवेश लिया है। छात्रों को हास्टल आवंटन भी शुरू कर दिया गया है।
प्रथम वर्ष इनकी होगी पढ़ाई
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में एनाटमी, बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलॉजी की पढ़ाई होगी। इसके अलावा कम्युनिटी मेडिसिन की भी कक्षाएं चलेंगी।
मेडिकल कॉलेज में प्रदेश तथा देश के विभिन्न क्षेत्र के 85 छात्रों ने प्रवेश लिया है। 14 फरवरी से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। हास्टल एलॉट किए जा रहे हैं। प्रवेश लेने के बाद गए छात्र 13 फरवरी तक आ जाएंगे। कुछ दिन बाद सेकेंड राउंड की काउंसिलिंग भी होनी है। उसमें कुछ छात्रों को दूसरा कॉलेज भी मिल सकता है। -डॉ. मृत्युंजय पांडेय, विभागाध्यक्ष एनाटमी व नोडल अधिकारी प्रवेश समिति