देवरिया महोत्सव के समापन पर सक्रिय योगदान करने वाले लोगों को डीएम ने सम्मानित किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे देवरिया महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। देर शाम आयोजित समापन समारोह में डीएम अमित किशोर ने कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में सक्रिय योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। महोत्सव स्थल पर लगी खादी ग्रामोद्योग की प्रदर्शनी अभी जारी रहेगी।
देवरिया महोत्सव का आगाज दस फरवरी को दिव्यांगों को उपकरण वितरण और शहीद सैनिकों के परिजनों के सम्मान समारोह के साथ हुआ था। इससे पूर्व इसी पंडाल में 9 फरवरी को 152 जोड़ों की सामूहिक शादी कराई गई। महोत्सव में यातायात सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यशाला, किसान सम्मेलन, पत्रकार सम्मेलन, उज्ज्वला कार्यक्रम सहित अन्य आयोजन हुए। सांस्कृतिक संध्या में कैलाश खेर, मालिनी अवस्थी, शबाब साबरी सरीखे देश के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने अपने गीतों को लोगों का मनोरंजन किया। सोमित शर्मा की अगुवाई में स्थानीय कलाकारों ने भी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में डीएम अमित किशोर ने कहा कि सबके सहयोग से इस भव्य आयोजन को सफल रुप दिया जा सके। जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों से आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे। कार्यक्रम में निवर्तमान सीडीओ राजेश कुमार त्यागी, सीडीओ शिवशरणप्पा, एसडीएम दिनेश मिश्र, सीओ वरुण कुमार मिश्र, डीआईओएस शिवचंद राम, बीएसए माधवजी तिवारी आदि मौजूद रहे।
---