इलाहाबाद की स्पेशल कोर्ट में होगी माननीयों के केस की सुनवाई
प्वाइंटर
- हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिले से ट्रांसफर की गई मुकदमों से जुड़ी पत्रावली
- जिले के कई मौजूदा व पूर्व जनप्रतिनिधियों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिले के माननीयों की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं। आपराधिक मुकदमों की सुनवाई के लिए उन्हें अब इलाहाबाद जाना होगा। हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला जज ने जिले के मौजूदा व पूर्व सांसद-विधायक पर दर्ज मुकदमों की फाइल स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट को ट्रांसफर कर दिया है। इनकी नियमित सुनवाई होगी और जरूरत के मुताबिक माननीयों को तलब भी किया जाएगा।
जिले की विभिन्न अदालतों में जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कई आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयप्रकाश निषाद, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक रवींद्र प्रताप मल्ल, शाकिर अली, रामप्रसाद जायसवाल, स्वामीनाथ यादव, पूर्व सांसद गोरख जायसवाल, मोहन सिंह के नाम प्रमुख हैं।
इनमें से पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक रामप्रसाद जायसवाल और पूर्व सांसद मोहन सिंह दिवंगत हो चुके हैं, लेकिन उनके मामले अब भी कोर्ट में लंबित हैं। जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए हाईकोर्ट ने स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट का गठन किया है। पवन कुमार तिवारी को इसका जज नामित किया गया है। इसमें पूरे प्रदेश के जनप्रतिनिधियों से जुड़े मुकदमों की नियमित सुनवाई होगी। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मंगलवार को जिला जज राधेश्याम यादव ने माननीयों से जुड़े सभी मामलों की पत्रावलियां स्पेशल कोर्ट इलाहाबाद को ट्रांसफर कर दीं।