देवरिया। डिपो में उपलब्ध बसों के सापेक्ष 62 पदों पर संविदा चालकों की तैनाती होनी है। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए 16 अप्रैल से जिले में विभिन्न जगहों पर कैंप आयोजित कर इनकी तैनाती की जाएगी। चालकों के उपलब्ध होने के बाद जिन जगहों के लिए बसें नहीं चल रही हैं, उन जगहों पर भी बसे चलेंगी और इसका सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा।
वर्तमान में देवरिया डिपो में निगम की 82 बसों का संचालन हो रहा है। इस समय निगम के पास कुल 124 चालक हैं। विभागीय नियमों के अनुसार अभी भी उपलब्ध बसों के सापेक्ष 62 चालकों की संख्या कम हैं। ऐसे में हर दिन 15 से 20 बसें डिपो में खड़ी रह रही हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव प्रसाद ने बताया कि देवरिया डिपो में संविदा चालक के पद पर भर्ती के लिए आवेदन 16 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। देवरिया डिपो में वर्तमान में कुल 62 रिक्तियां उपलब्ध हैं, जिनके लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। संवाद