रुद्रपुर। छितही बाजार गांव में नाली पाटने का विरोध करना गरीब परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने गरीब परिवार के सदस्यों को जमकर पीटा। घायल मुकदमा दर्ज कराने कोतवाली गए। घटना के 24 घंटे बीतने के बाद मारपीट के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
छितही बाजार गांव की सुशीला देवी ने बताया कि गांव में पैमाइश के बाद भी कुछ लोग उनके परिवार के नाली का पानी नहीं बहने दे रहे हैं। उन्होंने नाली को पाट रखा है। विरोध करने पर मंगलवार की शाम दबंग किस्म के लोगों ने घर में घुसकर जमकर पिटाई की। सुशीला देवी, निशा, सूरज और छंगुरी घायल हो गईं। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उनकी तहरीर बदलवा दी। बुधवार को पुलिस ने गांव के चंद्रबली, संतराज, दुर्गादेवी और लोरिक पर मारपीट का केस दर्ज किया। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत करने को कही। कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने कहा कि तहरीर के अनुसार केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है।