रुद्रपुर। सत्ता परिवर्तन के बाद भी रुद्रपुर में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। सोमवार की शाम फॉल्ट होने के बाद पूरी रात नगर की चालीस हजार की आबादी बिजली से वंचित रही।
शाम नौ बजे आपूर्ति बहाल होते ही खजुहा चौराहे पर पोल से तार चटक कर गिर गए। इससे आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के जेई और एसडीओ ने रात में फॉल्ट बनाने के लिए कर्मचारी नहीं होना कारण बता कर आपूर्ति बहाल कराने से इंकार कर दिया। मंगलवार की सुबह से फॉल्ट बनाने के बाद दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। बिजली विभाग ने ठेके पर नौ कर्मचारियों को रखा है। नगर में फॉल्ट बनाने को दो कर्मचारी रखे गए हैं, जिनकी ड्यूटी सिर्फ दिन में लगती है। रात में फॉल्ट होने पर विभाग के पास न तो कर्मचारी, तार है और न ही पोल पर चढ़ने के लिए सीढ़ी है। ऐसे में अक्सर शाम को फॉल्ट होने के बाद नगर की आबादी को बिजली के बिना गर्मी में जाग कर रात काटनी पड़ रही है। एसडीओ एके पाल ने कहा कि रात में फॉल्ट बनाने के लिए उनके पास सुविधा नहीं है। विभाग को समस्या से अवगत कराया जा चुका है।