देवरिया जिले के देसही देवरिया गांव में मंगलवार देर शाम पूर्व प्रधान के बेटे की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, छह नामजद सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रामपुर कारखाना के देसही देवरिया गांव के पूर्व प्रधान रमेश प्रताप राव के पुत्र मनीष राव (27) की मंगलवार देर शाम गांव के ही कुछ युवकों ने लामबंद होकर चौराहे पर दौड़ाकर पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह मनीष की जान बची। गांव के लोगों के अनुसार, घटना की वजह मंगलवार को ही दोपहर में गांव के कुछ युवक बाइक लेकर सड़क पर स्टंट कर रहे थे। इसी बीच मनीष राव उधर से गुजर रहे थे। स्टंट को लेकर अन्य युवकों के बीच आपसी विवाद को देखकर रुक गए। हस्तक्षेप कर मामले को समझा-बुझाकर शांत कराने के प्रयास में गांव के ही एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया।
चुनाव को लेकर थी रंजिश
आरोप है कि इसी बात से खुन्नस रखने वाले युवकों ने लामबंद होकर कुछ घंटे बाद दुकान से घर वापस जाते समय स्थानीय चौराहे पर उनके ऊपर हमला बोल दिया। सूचना पाकर मौके पर सीओ सदर श्रीयेश त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस पिकेट के पुलिसकर्मियों का कहना है कि पहले मारपीट के मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी थी।
मनीष की पिटाई के बाद कुछ लोगों ने पिकेट पर आकर तहरीर दे रहे थे। रमेश प्रताप राव की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह नामजद व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों का का आरोप है कि वह घटना में शामिल नहीं थे। मगर, रात को पुलिस ने उनका उत्पीड़न किया। दरवाजों को तोड़कर घरों के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की गई। हालांकि पुलिस ने इस आरोप को निराधार बताया है।
एसओ मनोज कुमार ने बताया कि मामूली बात पर कुछ युवकों ने मनीष राव की पिटाई कर दी। मामले में 6 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।