खुखुंदू। थाना क्षेत्र के परसिया भगौती गांव में भूमि बैनामा करने के नाम पर एक महिला से गांव की ही एक दूसरी महिला 5.40 लाख रुपये हड़प लिए हैं। मामला तीन साल पहले का बताया जा रहा है।
अब महिला न तो रुपये वापस कर रही और न ही भूमि बैनामा करने को तैयार है। पीड़ित महिला तय समय पर शनिवार को जब रुपये मांगने पहुंची तो उसकी पिटाई कर दी गई। पीड़िता ने इस मामले की पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परसिया भगौती गांव निवासी सरिता देवी पत्नी राकेश वर्मा ने गांव की एक महिला को भूमि बैनामा के लिए करीब तीन साल पहले कई किश्तों में 5.40 लाख रुपये दिए थे।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद महिला का काम निकल गया तो वह भूमि बैनामा करने से मुकर गई और धीरे-धीरे कर रुपये वापिस करने को कहने लगी।
इसको गांव से लेकर थाने तक कई बार पंचायत भी हुई। लेकिन अब तक बात नहीं बनीं। इसको लेकर दोनों पक्षों में कई बार विवाद भी हुआ। बीते माह 15 अक्तूबर को जब विवाद हुआ तो मामला फिर थाने पहुंचा। जहां पंचायत में महिला ने नवंबर माह के पहले सप्ताह में रुपये लौटाने का समय दिया था। सरिता देवी का कहना है कि शनिवार को जब महिला के घर रुपये मांगने गई तो उनपर हमला कर दिया गया।
इसके बाद पीड़िता ने घटना की सूचना देकर मौके पर पुलिस बुलाया। फिर थाने पहुंच कर तहरीर दी है। थानेदार दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।