चोरी की 37 बाइक के साथ पांच गिरफ्तार
यूपी और बिहार की पुलिस के लिए चुनौती बने गिरोह का भंडाफोड़,
दोनों राज्यों की पुलिस को गिरोह के सरगना और सदस्यों की थी तलाश
एसपी ने पर्दाफाश करने वाली टीम को दिया बीस हजार रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यूपी और बिहार की पुलिस के लिए सिरदर्द बने बाइक लिफ्टर गिरोह का बनकटा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सरगना सहित पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी की 37 बाइक पुलिस ने बरामद की है। जो दो राज्यों के विभिन्न जनपदों से चुराई गई थी। एसपी ने पर्दाफाश करने वाली टीम को बीस हजार रुपये इनाम दिया है।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शुक्रवार की भोर में थानाध्यक्ष बनकटा विपिन मलिक को मुखबिर ने सूचना दी कि वाहन चोर गिरोह के कुछ सदस्य चोरी की बाइक को बेचने के लिए बिहार जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने टीम ने रामपुर बुजुर्ग के पास से एक बाइक पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पकड़ लिया। बाइक के बारे में जांच पड़ताल करने पर पता चला कि चोरी की बाइक है। इस दौरान हिरासत में लिए गए आरोपितों की पहचान आसिफ अंसारी उर्फ सोनू निवासी-बिरमापट्टी बाजार थाना-खामपार और वीरू कुमार निवासी-लक्ष्मीपुर भिंगारी बाजार थाना खामपार के रूप में हुई। दोनों से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर प्रताप छापर से छेरिहां जाने वाले सड़क के पास बंद पड़े ईंट भट्ठे से तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपितों की पहचान दिनेश यादव निवासी-खरहरवां थाना-उचकागांव जनपद-गोपालगंज, बृजेश कुमार चौरसिया निवासी-सलेमगढ़ थाना-तरयासुजान जनपद कुशीनगर, प्रितम चौहान निवासी-विशवनीय थाना-दरौली जनपद-सिवान के रूप में हुई। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 36 मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी की गई थीं। इससे संबंधित छह मामले जिले में और 19 मामले बिहार के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
दरोगा महेन्द्र प्रताप सिंह, लवकुश कुमार, सिपाही इबरार, गोनेश कुशवाहा, सुनील यादव, आशीष यादव, ईश्वरचन्द, श्रवण यादव, विजय मौर्य, आकाश, उमेश भारती, बृजेश, राजकुमार, चन्दन मौर्य, रोहित यादव, प्रमोद, नामवर, शिवकुमार, अजय, बबलू रहे।
विपिन ने अभी तक बरामद किए चोरी के 84 वाहन
देवरिया। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि गोरखपुर जोन में करीब दो साल के भीतर एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में चोरी की बाइक नहीं बरामद हुई थी। उन्होंने बताया कि एसओ बनकटा विपिन मलिक अभी कोतवाली, खामपार और बनकटा में तैनाती के दौरान 84 चोरी के वाहन बरामद कर चुके हैं। पुलिस ने इन वाहनों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी है।
पुलिस से छिपने के लिए चला जाता था विदेश
देवरिया। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना सोनू पुलिस को चकमा देकर बाइक चुराने वाला गिरोह चलाता था। जब कभी लगा कि पुलिस उस पर शक कर रही है तो वह विदेश की राह पकड़ लेता था। करीब पांच बार वह विदेश जा चुका है। पकड़े गए अन्य साथियों पर बिहार के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।