4360 किशोरों लगाई गई वैक्सीन की प्रथम डोज
1195 हेल्थ केयर, फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगी प्रीकॉशन डोज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोविड संक्रमण को देखते हुए वैक्सीनेशन का कार्य तेज कर दिया गया है। जिले में सोमवार को 691 केंद्रों पर लक्ष्य 66 हजार के सापेक्ष 45,969 लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। इसमें हेल्थकेयर वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर व 60 वर्ष अधिक उम्र के लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाई गई। वहीं, किशोर, युवा, बुजुर्गों, 45 वर्ष के ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई गई।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। इसे देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए गांवों में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल के एमसीएच विंग, जिला महिला अस्पताल, जिला होम्योपैथ कार्यालय परिसर तथा न्यू पीएचसी चकियवा, रामनाथ देवरिया, सोमनाथ केंद्र पर टीका लगाया। इन स्थानों पर वैक्सीन की प्रथम, द्वितीय तथा प्रीकॉशन डोज लगाई गई। वहीं, 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों का चिह्नित विद्यालयों में भी टीकाकरण हुआ। इसके अलावा ग्राम पंचायतों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी टीका लगाया गया। जिले में 4360 किशोर, 12,055 युवा, 2630 बुजुर्ग व 45 वर्ष से अधिक उम्र के 5420 को वैक्सीन की प्रथम तथा 20,309 लोगों को द्वितीय डोज लगाई गई। वहीं, 1195 लोगों को वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज लगाई गई। इसमें 152 हेल्थ केयर वर्कर, 500 फ्रंटलाइन वर्कर तथा 60 साल से अधिक उम्र के 543 लोग शामिल रहे।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने सीएचसी लार में टीकाकरण व सैंपलिंग कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार के साथ ग्राम सहला, ग्राम उर्दली तथा ग्राम पुरैना में वैक्सीनेशन केंद्रों का निरीक्षण किया। कहा कि जनपद में हेल्थ वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर, चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों तथा 60 वर्ष से अधिक के बीमार लोगों को, जिन्हें वैक्सीन की द्वितीय डोज लगे नौ माह हो चुका है, उन्हें प्रीकॉशन डोज लगाई जा रही है। वहीं, किशोर, युवा, बुजुुर्ग, 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई जा रही है। उन्होंने वैक्सीनेशन से वंचित लोगों से टीका लगवाने की अपील की है।