गौरीबाजार। थानाक्षेत्र के इंदूपुर चौराहे पर दीपावली की रात अज्ञात चोरोँ ने एक सौंदर्य प्रसाधन की दुकान के शटर का ताला तोड़कर नकदी समेत करीब दो लाख का सामान चुरा ले गए। दुकानदार ने घटना के अगले दिन शुक्रवार को थाने में लिखित तहरीर दी। दो माह में चोरी की यह तीसरी घटना है।
इंदूपुर निवासी जीतेंद्र मद्धेशिया की इंदूपुर चौराहे पर सेंट्रल बैंक के बगल में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान है। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के बाद प्रत्येक दिन की तरह दुकान का शटर बंद कर वह गांव में सोने चला गया। इसी बीच चोर उसके दुकान के शटर का ताला काटकर अंदर घुस गए। दुकान के कैश बॉक्स में रखा 11 हजार नकद समेत चूड़ी, क्रीम, पाउडर, इत्र, घड़ी, नकली जेवरात, गिफ्ट आइटम सहित लगभग दो लाख मूल्य का कीमती सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह दुकान खुलने के समय हुई। उसने तत्काल थाने में इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर एक बगीचे के समीप से कई हजार मूल्य के दो पेटी कीमती चुड़ियां बरामद की। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया की तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। एक माह पूर्व राजकीय महाविद्यालय के बगल में स्थित एक सौंदर्य प्रसाधन के दुकान में करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी हुई थी। इससे पूर्व यहां खाद-बीज की दुकान में लाखों की चोरी हुई थी।