खुखुंदू। थानाक्षेत्र के देवरिया भटनी रेलमार्ग पर बभनी गांव के समीप डाउन मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर प्राइवेट शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही घर पर कोहराम मच गया।
भाटपाररानी थानाक्षेत्र के बांसी गांव निवासी अरुण श्रीवास्तव परिवार के साथ देवरिया खास मोहल्ला में मकान बनवाकर रहते हैं। वह गांव के एक वित्तविहीन इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं। उसी कॉलेज में बड़े बेटे विभव श्रीवास्तव भी शिक्षक थे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते थे। पिता-पुत्र हमेशा एक साथ ट्रेन से ही कॉलेज पढ़ाने जाते थे। रोज की तरह शनिवार को भी विभव पिता के साथ कॉलेज जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन में बाथरूम जा रहे थे। बभनी के पास पैर फिसलने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया। यह देखकर पिता ने पुलिस को सूचना दी। अगले स्टेशन पर उतरकर वह खुद भी पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचवाया। वहां डॉक्टर ने विभव को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह सूचना विभव के परिवार में पहुंची कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। विभव चार भाइयों में सबसे बड़े थे।