38,221 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
देवरिया। कोविड से बचाव के लिए बृहस्पतिवार को जिले के 713 केंद्रों पर लक्ष्य 66 हजार के स्थान पर 38,221 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें किशोर, युवा, 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन की प्रथम व द्वितीय डोज लगाई गई। हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर, 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रीकाशन डोज लगाई गई।
बृहस्पतिवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग, जिला महिला अस्पताल बूथ, न्यू पीचसी रामनाथ देवरिया, सोमनाथ, चकियवा पर टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर प्रथम, द्वितीय व प्रीकाशन डोज लगाई गई। साथ ही 15 से 18 वर्ष के किशोरों का चिह्नित विदयालयों में भी टीकाकरण हुआ। वहीं जिले के अन्य सीएचसी, पीएचसी पर भी टीका लगाया गया।
जनपद में 2049 लोगों को प्रीकाशन डोज लगाई गई। इसमें हेल्थ केयर वर्कर 337 फ्रंट लाइन वर्कर 385 तथा 60 वर्ष से ऊपर के 1327 लोग शामिल रहे। वहीं 3750 किशोर, 8576 युवा, 1778 बुजुर्ग तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के 3780 को वैक्सीन की प्रथम तथा18288 लोगों को द्वितीय डोज लगाई गई। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि जिले में हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर, चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिको तथा 60 वर्ष से ऊपर के बीमार लोगों को, जिन्हें वैक्सीन का द्वितीय डोज लगे नौ माह हो चुका है, उन्हें प्रीकाशन डोज लगाई जा रही है। वहीं किशोर, युवा, बुजुुर्ग, 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई जा रही है। उन्होंने वंचित लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की है।
बीडीओ ने किया निरीक्षण
बैतालपुर। ब्लॉक सभागार में टीकाकरण के ऑनलाइन पंजीकरण का बीडीओ अवनिंद्र पांडेय ने निरीक्षण किया। 4065 लोगों का पंजीकरण मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्रत्येक ग्रामसभा में टीकाकरण पंजीकरण में टीम कार्य कर रही है। इस दौरान नोडल अधिकारी कृष्ण पाल सिंह, एडीओ कोआपरेटिव सौरभ द्विवेदी, पंकज श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश विश्वकर्मा, धनराज यादव, रिंकी देवी, ग्राम विकास अधिकारी अपराजिता यादव, रिया यादव, विजय गौतम, प्रमिल पांडेय, सुवर्णा पाल, सरिता श्रीवास्तव, रत्नेश द्विवेदी, कला पांडेय, सत्यदेव पांडेय, नन्हे सिंह, आलोक त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
डायलिसिस सेंटर का एक साल पूरा होने पर कटा केक
देवरिया। डीसीडीसी किडनी केयर की ओर जिला अस्पताल में स्थापित डायलिसिस सेंटर का एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डॉ. संजय भट्ट ने केक काटा। इस दौरान डॉ. विजय गुप्ता, डॉ. निखिल, उमेश मिश्रा, मैनेजर कृष्णा पांडेय, प्रियंका मणि, दीपिका, शैलेश, अनिता यादव आदि मौजूद रहे।