378 अभ्यर्थियों ने कराई काउंसिलिंग
रामपुर कारखाना (देवरिया)। डायट परिसर में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए बुधवार को काउंसिलिंग शुरू हुई। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए डायट परिसर में सात टेबल बनाई गई हैं। काउंसिलिंग के पहले दिन 414 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। देर शाम तक सभी काउंटरों पर गहमा-गहमी रही। पहले दिन 378 अभ्यर्थियों ने दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों ने अपनी काउंसलिंग कराई।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रामपुर कारखाना परिसर में पहले दिन की काउंसलिंग शुरू हुई। प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों के लिए सीट कोर्ट के आदेश पर रिजर्व रखा था। कोर्ट से मामले का निपटारा होने के बाद सरकार ने काउंसलिंग कराने और पांच दिसंबर को नियुक्ति पत्र बांटने का निर्देश दिया है। बुधवार को 414 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। काउंसिलिंग कराने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए डायट परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कमरों को लेकर सात काउंटर बनाए गए थे। हालांकि पहले दिन काउंसिलिंग निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देरी से शुरू हुई।
पहले कमरों में बिजली, पंखे और सोशल डिस्टेंस के लिए घेरा बनाया गया। डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव, नोडल/खंड शिक्षा अधिकारी रामपुर कारखाना विनोद कुमार त्रिपाठी और एडीआईओएस राम हुजूर प्रसाद दिन भर जमे रहे। अधिकारियों की मौजूदगी के चलते कर्मचारियों ने सोशल डिस्टेंस का पालन कराने में सख्ती भी दिखाई। नोडल अधिकारी ने बताया कि 414 के सापेक्ष 378 अभ्यर्थियों ने कागजात जमा किए। पहले दिन दिव्यांगों और महिलाओं को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था।