दोआबा के सात गांवों में आग ने बरपाया कहर, 350 एकड़ गेहूं की फसल राख
एकौना/रुद्रपुर। दोआबा के सात गांवों में बुधवार को आग ने कहर बरपाया। करीब तीन घंटे तक आग गर्म पछुवा हवा के सहारे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पर तांडव मचाती रही। आगलगी की घटना में कोड़र मढौरा, धर्मपुर कछार, नीबा, अनुसा, बनकटी, छपरा खुर्द, बनकटी गांव के किसानों करीब 350 एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल राख हो गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों के अनुसार कोड़र गांव के सरेह में भूसा बनाने वाली मशीन से आग लगी।
कोड़र मढौरा गांव के सरेह में दोपहर एक बजे खेत में कंबाइंड मशीन से कटाई के बाद रैपर मशीन से भूसा बनाया जा रहा है। मशीन से उठी चिंगारी से खेत में आग लग गई। देखते ही देखते खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। पछुवा हवा से आग पूरे सरेह में फैल गई। आग की उठती लपटों से दोआबा में कोहराम मच गया। गांव वाले आग बुझाने दौड़ पड़े। कोड़र से उठी आग की लपट बनकटी, धर्मपुर कछार, नीबा, अनुसार, छपरा बुजुर्ग, अनुसा आदि गांवों के किसानों की फसल को जलाने लगी। जगह-जगह ग्रामीण पंपिंग सेट और झाड़-झंखाड़ के सहारे आग बुझाने लगे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ किसान भी फसल बचाने में जुटे गए। चकमार्गों के किनारे किसानों ने तत्काल ट्रैक्टर से जुताई कर आग को बढ़ने से रोक दिया। करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना में सात गांवों के किसानों की जमा पूंजी राख हो गई। आग से हुई क्षति का तहसील प्रशासन ने जायजा लिया। उपजिलाधिकारी संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि आग लगने की घटना का पता किया जा रहा है। दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लेखपालों की टीम लगाकर क्षति का आंकलन कराया जा रहा है।
फसल जलती देख फफक पड़े किसान
रुद्रपुर। खेत में पक कर तैयार फसल से उम्मीद लगाए बैठे किसान उसे जलता देख फफक पड़े। कोड़र, धर्मपुर, नीबा मठिया, छपरा, अनुसा के किसान साहब, लक्ष्मीकांत, रामभवन, अकलू पासवान, राकेश, अजय शंकर, मुन्ना गौड़, संतोषी देवी, देवंती, वीरेंद्र यादव, कौशल पांडेय, मारकंडेय, रामदेव, आदि ने कहा कि कभी बाढ़ फसल डूबा देती, तो कभी आग सामने से आए निवाले को छीन ले रही है। दोआबा के लोगों की बदनसीबी पीछा नहीं छोड़ रही।
शार्ट सर्किट से लगी आग, गेहूं की फसल राख
फोटो समाचार
घांटी बाजार। भटनी थाना क्षेत्र के धर्मखोर बाबू के तिवारी टोला गांव में विद्युत तार की स्पार्किंग से गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक लोग आग पर काबू पाते, तब तक दस बीघा गेहूं की फसल राख हो गई।
भटनी के धर्मखोर बाबू के तिवारी टोला में हाई वोल्टेज तार के स्पार्किंग से बुधवार को गहूं की फसल में आग लग गई। अचानक खेत में उठती लपटों को देख कर आस पास के गांव के लोग पहुंचे और पेड़ों की डालियों को तोड़ कर आग बुझाने लगे। जब तक आग बुझा पाते, तिवारी टोला गांव निवासी किसान शिवसकल तिवारी, उद्धव तिवारी, कुलशेखर तिवारी व घाटी निवासी सुरेश यादव, रामायण दुबे आदि की लगभग दस बीघा गेहूं की फसल राख हो गई।
विधायक ने अहेतुक सहायता दिलाने को कहा
रुद्रपुर। बुधवार को कोड़र मढ़ौरा,मठिया, धर्मपुर छपरा आदि गांव में आग लगने से बर्बादी की सूचना पर विधायक जयप्रकाश निषाद किसानों से मिलकर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि कंबाइंड से निकली चिंगारी से करीब 700 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। किसानों की क्षति का मूल्यांकन कर एसडीएम को त्वरित सहायता दिलाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कंबाइन मशीन के साथ गैलन में पानी लेकर चलने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने एसडीएम से जब तक क्षेत्र में गेहूं की पूरी फसल कट नही जाती भूषा बनाने वाले रैपर पर रोक लगाने को कहा। विधायक के साथ ब्लाक प्रमुख ऊषा पासवान, रामसुधारे, भगवान यादव संगमधर दूबे, राम संतोष शुक्ला, कौशल किशोर सिंह, सुनील गुप्ता आदि ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। संवाद