बरहज में प्रभारी चिकित्सक का घेराव कर बात करते मरीज, प्रदर्शन करते मरीज और समोसा आदि खाकर भूख मिटाने की कोशिश करती मरीज और तीमारदार
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। सीएचसी पर मरीज और साथ आए तीमारदारों ने चिकित्सक के नहीं आने पर जमकर हंगामा किया। मरीज सुबह आठ बजे से आंख का ऑपरेशन कराने के लिए कतार में लगे लोग डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे। वे सीएमओ पर नेत्र सर्जन का कहीं अन्यत्र ड्यूटी लगाने का आरोप लगा रहे थे। बिना खाए-पीये मरीज पूरे दिन धरने पर बैठे रहे। प्रशासनिक दबाव के बाद चिकित्सक को भेजकर मरीजों की आंख का ऑपरेशन कराया गया।
प्रत्येक सप्ताह में एक दिन नेत्र सर्जन डॉ. महबूब आजम का सीएचसी पर नेत्र ऑपरेशन की ड्यूटी रहती है। इस कारण सुबह आठ बजे से जांच और ऑपरेशन के लिए मरीजों का मजमा लगा रहता है। गुरुवार को उनकी ड्यूटी होने के कारण डोल छपरा से सोनिया, भटनी सुधरी देवी, सलेमपुर मुअली, मदनपुर-मठियां प्रभा देवी आदि आंखों के ऑपरेशन के लिए कतार में लगी थीं। 11 बजे तक चिकित्सक के नहीं आने और अन्यत्र ड्यूटी लगा दिए जाने की जानकारी होने पर मरीज भड़क गए। सीएमओ को भला-बुरा कहते हुए विरोध-प्रदर्शन करने लगे। प्रभारी डॉ. अजय पाल और नेत्र परीक्षक विवेक सिंह के समझाने के बाद भी मरीज नहीं मानें। यहां तक कि सीएमओ ने एंबुलेंस भेजकर ऑपरेशन कराने के लिए कहा। लेकिन मरीज सर्जन को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। सर्जन के आने के बाद मरीजों ने विरोध-प्रदर्शन समाप्त किया और चार बजे से ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसमें 35 लोगों का ऑपरेशन किया गया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि अस्पताल में बेहाल मरीजों की जानकारी होने पर सीएमओ से बात कर ऑपरेशन कराया गया।