देवरिया। निकाय चुनाव के लिए प्रशासनिक अमले ने तैयारियां शुरू कर दी है। निकायवार निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। उन्हें चुनाव संबंधित कार्य में जुट जाने का निर्देेश मिला है। किसी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी मिली है।
जिला निर्वाचन अधिकारी नगरीय निकाय सुजीत कुमार ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए तैयारियां आखिरी दौर में है। निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की तैनाती कर दी गई है। अध्यक्ष पद के लिए एक निर्वाचन अधिकारी और तीन सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं, जबकि देवरिया और बरहज के विभिन्न वार्डों के सभासद पद के लिए पांच-पांच निर्वाचन अधिकारी और उनके साथ दो-दो सहायक निर्वाचन अधिकारी बने हैं। जबकि अन्य निकायों में सभासद पद के लिए एक निर्वाचन अधिकारी और दो-दो सहायक निर्वाचन अधिकारी तैनात किए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि देवरिया, रामपुर कारखाना, गौरीबाजार और बरियारपुर टाउन एरिया के लिए अध्यक्ष और सभासद पद के लिए जिला पंचायत बिल्डिंग में नामांकन पत्र जमा होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों का विक्रय, दाखिल और जांच करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सलेमपुर तहसील में सलेमपुर, लार, मझौलीराज और भटनी जबकि अन्य टाउन एरिया के चुनाव संबंधित कार्य संबंधित तहसील मुख्यालय में होगा।
निकाय-निर्वाचन अधिकारी
देवरिया-अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड
बरियारपुर-बीएसए
गौरीबाजार-डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर
रामपुर कारखाना-अधिशासी अभियंता नलकूप अनुरक्षण खंड
सलेमपुर-सहायक आयुक्त और सहायक निबंधक सहकारिता मझौलीराज-अधिशासी अभियंता सिंचाई बरहज-उपायुक्त श्रम रोजगार मनरेगा
भटनी-अधिशासी अभियंता नलकूप खंड द्वितीय
लार-डीआईओएस
रुद्रपुर-मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी
भाटपाररानी-अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, पीडब्ल्यूडी