देवरिया। भटनी पीएचसी के कर्मचारियों का वेतन अगस्त माह का रुका हुआ है, जबकि सितंबर माह का वेतन भुगतान हो गया है। इसकी वजह पीएचसी और सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबू की लापरवाही बताई जा रही है। इससे नाराज सीएमओ ने बाबू को फटकार लगाई है।
अगस्त माह में नोडल अधिकारियों ने सीएचसी और पीएचसी का औचक जांच की थी। इसमें अनुपस्थित मिले डॉक्टर और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। लेकिन भटनी में तैनात कर्मचारियों ने स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसके चलते मनमानी करने वाले कर्मचारियों का वेतन स्पष्टीकरण न देने तक रोकने का आदेश जारी हुआ था। इसके बाद पीएचसी के बाबू ने वेतन लिस्ट में इन कर्मचारियों का नाम भेज दिया। सीएमओ कार्यालय के बाबू रामनक्षत्र ने लापरवाह कर्मचारियों को नाम वेतन लिस्ट से निकालने का हवाला देते हुए वापस कर दिया। इस चक्कर में सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हो सका। लेकिन इसकी जानकारी सीएमओ को नहीं थी। मंगलवार को बाबू रामनक्षत्र जब सीएमओ के सामने यह प्रकरण रखे, तो सीएमओ झल्ला गए और उसे फटकार लगाई। सीएमओ डॉ. रामनिवास ने बताया कि अगस्त माह का वेतन रुकने की जानकारी मुझे नहीं थी। इसे लेकर संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।