देवरिया। मझगांवा पीएचसी के सीएमओ ने शनिवार को निरीक्षण किया। इसमें सात कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। ओपीडी रजिस्टर का कालम सही तरीके से नहीं भरा जा रहा था और अस्पताल में बेहतर सफाई नहीं थी। नाराज सीएमओ ने गायब कर्मचारियों का अनुपस्थित अवधि तक का वेतन काटने का निर्देश दिया।
सीएमओ करीब 9.50 बजे मझगांवा पीएचसी पर अचानक पहुंचे। अस्पताल पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मारकंडेय प्रसाद जायसवाल , डा. राजीव रंजन, डा. अखिलेश त्रिपाठी समेत कर्मचारी मौजूद मिले। इसके अलावा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरुणेंद्र पांडेय, नेत्र सहायक सच्चितानंद दो दिन से ड्यूटी नहीं आए थे। वरिष्ठ सहायक शिव प्रसाद पांडेय, बीपीएम लक्ष्मीकांत ओझा, गौरव श्रीवास्तव तीन दिन से ड्यूटी पर नहीं आए थे। बीसीपीएम राजाराम और डीईओ ब्यास सिंह ड्यूटी से गायब मिले। इसके अलावा अवधेश सिंह और सोमेन्द्र भौमिक विलंब से अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी से गायब कर्मचारियों का वेतन काटने और विलंब से आने वाले कर्मचारियों से अस्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ डा. रामनिवास ने बताया कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और डाक्टरों की खैरियत नहीं है। पीएचसी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।