संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 11 के सभासद के निधन के बाद रिक्त पद पर उपचुनाव में मंगलवार को चार नामांकन पत्र की बिक्री हुई। पर्चा खरीदने वालों में एक मां और बेटा व एक पूर्व सभासद हैं। मतदान आठ जुलाई को होगा।
नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 11 के सभासद जयलाल चौहान का निधन 2 जुलाई 2023 को हो गया था। चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद उम्मीदवार लोगों से संपर्क करने के साथ ही अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं। नामांकन पत्र बिक्री का कार्य जिला पंचायत कार्यालय में शुरू हो गया है। प्रथम दिन चार पर्चे बिके।
इसमें मृत सभासद जयलाल चौहान की पत्नी इंदू देवी और बेटे आनंद कुमार चौहान ने एक-एक सेट में पर्चा खरीदा। पूर्व सभासद कमलेश यादव ने दो सेट पर्चा लिया। नामांकन का कार्य 22 जून तक सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा। 24 जून को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच हाेगी। नाम वापसी 26 जून को सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक और प्रतीक आवंटन 27 जून को सुबह 11 बजे से किया जाएगा। मतदान आठ जुलाई को सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना 10 जुलाई को सुबह आठ बजे से जिला पंचायत कार्यालय में होगी।