गैर हाजिर मिले डॉक्टर सहित तीन कर्मी, वेतन रोकने के निर्देश
सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद में स्वास्थ्य सेवा बेहतर बनाने तथा वैक्सीनेशन तेज करने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को सीएमओ के निरीक्षण में एक चिकित्सक सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उनके एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय दोपहर बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान डॉ. संगीता पांडेय, कुमुदलता, वैभव सिंह डार्क रूम सहायक बिना किसी सूचना व अवकाश स्वीकृत कराए गैरहाजिर मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के एक दिन का वेतन बाधित करते हुए अंतिम चेतावनी दी। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के कारण सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ड्यूटी से अनुपस्थित न रहें। इसके बाद सीएमओ ने सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम परान छपरा में संचालित कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। वहीं, एसीएमओ डॉ. संजय चंद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज में बने कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इसके अलावा ज्ञानप्रकाश इंटर कॉलेज भलुअनी, आशुतोष इंटर कॉलेज करमटार, शेरखान तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भलुअनी का निरीक्षण किया। सभी जगह स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे लेकिन मकर संक्रांति त्योहार के कारण लाभार्थियों की उपस्थिति कम मिली।