29,047 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
380 हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर तथा 60 वर्ष से अधिक के लोग लगाई गई प्रीकॉशन डोज
5056 किशोरों को लगाई गई वैक्सीन की प्रथम डोज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य चल रहा है। रविवार को जनपद में 659 केंद्रों पर लक्ष्य 58,400 के सापेक्ष 29,047 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज लगाई गई। साथ ही किशोर, युवा, 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों एवं बुजुर्गों को टीका की प्रथम व द्वितीय डोज लगाई गई।
जनपद में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। इसे देखते हुए वैक्सीनेशन पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से जोर दिया जा रहा है। जल्द से जल्द जिले के अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के एमसीएच विंग, जिला महिला अस्पताल, न्यू पीएचसी सोमनाथ, रामनाथ देवरिया, चकियवां पर टीकाकरण किया गया। यहां प्रथम, द्वितीय व प्रीकॉशन डोज लगाई गई। इन केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने वालों की भीड़ कम रही। महिला अस्पताल बूथ पर स्वास्थ्य कर्मी बैठक आग सेंक रहे थे। वहीं,15 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए चिह्नित किए गए विद्यालयों में भी टीकाकरण हुआ, लेकिन किशोरों की उपस्थिति कम रही। कुछ केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मी टीका लगवाने के लिए आने वालों का इंतजार कर रहे थे। इसके अलावा जनपद के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी टीकाकरण किया गया।
जिले में 380 लोगों को वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज लगाई गई। इसमें हेल्थ केयर वर्कर 112, फ्रंट लाइन वर्कर 230 तथा 60 वर्ष से अधिक के 38 लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाई गई। जबकि 5056 किशोर, 4730 युवा, 1155 बुुजुर्ग तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के 1966 को वैक्सीन की प्रथम तथा 15,760 लोगों को द्वितीय डोज लगाई गई। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंट लाइन वर्करों, चुनाव ड्यूटी करने वाले कार्मिकों तथा 60 वर्ष से अधिक के बीमारी से पीड़ित लोगों जिन्हें नौ माह पहले वैक्सीन की द्वितीय डोज लग चुकी है, उन्हें प्रीकॉशन डोज लगाई जा रही है। इसके अलावा किशोर, युवा, 45 वर्ष से अधिक के लोगों, बुजुर्गों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई जा रही है। उन्होंने बचे हुए लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की है।