सेना भर्ती की नई योजना के विरोध के चलते 24 ट्रेनें रही निरस्त
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर रहा सन्नाटा तो टिकट घर पर लगी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ के विरोध प्रदर्शन के चलते सोमवार को भी 24 रेलगाड़ियां निरस्त रहीं। जबकि चार विशेष गाड़ियों का रूट परिवर्तन कर चलाया गया। इसके चलते पूरे दिन रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा देखा गया। वहीं टिकट वापसी को लेकर लोग सुबह से ही टिकट घर के सामने जुटे रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे ने सोमवार को नई सेना भर्ती योजना के विरोध पर भारत बंद के आह्वान के बाद रूट की कुल 24 ट्रेनों को निरस्त कर दिया। वहीं, चार विशेष गाड़ियों का रूट परिवर्तन कर चलाया। बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्तीकरण के बाद यहां स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। ऐसे में रोडवेज बसों पर दबाव बढ़ा है, लेकिन यहां भी समस्या है। बसों में तोड़-फोड़ के चलते या तो बस वाले जाने को तैयार नहीं हैं। यात्री भी बस से दूर का सफर करने में हिचक रहे हैं। सोमवार को भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को निरस्त किए जाने के बाद रिजर्वेशन रिफंड कराने वाले यात्रियों की भीड़ लग रही। इससे स्टेशन पर यात्री दिन भर परेशान रहे। लोग ट्रेन कबतक निरस्त रहेगी। इसके लिए इंक्वायरी काउंटर पर पूछताछ करते नजर आए। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सेना भर्ती में नई योजना अग्निपथ को लेकर युवाओं के विरोध को देखते हुए कुल 24 ट्रेनों को निरस्त किया गया है जबकि चार का रूट परिवर्तन किया गया है।
सोमवार को ये ट्रेनें रहीं निरस्त
बरौनी-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, लोकमान्य टर्मिनस -जयनगर, मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस, कोलकाता-आजमगढ़ एक्सप्रेस, बरौनी-अंबाला एक्सप्रेस, बरौनी -बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस, बरौनी-गोड़िया एक्सप्रेस, मुज्जफरपुर -आनंद विहार एक्सप्रेस, सहरसा -अमृतसर एक्सप्रेस, सहरसा -नई दिल्ली एक्सप्रेस, जयनगर-दिल्ली एक्सप्रेस, दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस, रक्सौल -आनंद विहार एक्सप्रेस, दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, अमृतसर -सहरसा एक्सप्रेस, पोरबंदर-मुज्जफरपुर एक्सप्रेस, नई दिल्ली दरभंगा एक्सप्रेस, काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस, अमृतसर- सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर -सिकन्द्राबाद एक्सप्रेस। वही नरकटियागंज-गोरखपुर की चार जोड़ी अनारक्षित विशेष गाड़ी को भी निरस्त किया गया है। इसके अलावा चार स्पेशल गाड़ियों का रूट परिवर्तन कर चलाया गया।
एसपी ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सलेमपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह एसपी संकल्प शर्मा, सीओ विनय यादव व कोतवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बरहजिया समेत सभी सवारी गाड़ियों के निरस्त रहने से रेल यात्री प्लेटफॉर्म पर नहीं दिखे। प्लेटफॉर्म एक व दो पर केवल पुलिस के जवान तैनात रहे। वहीं, रेलवे के आरक्षण काउंटर पर यात्री टिकट वापस करने के लिए परेशान रहे। यात्रियों का कहना है कि काफी मशक्कत के बाद टिकट क न्फर्म मिला था। अब फिर टिकट लेने के लिए परेशानी उठानी पड़ेगी।