देसही देवरिया के बालकुआं में आयोजित राज्य स्तरीय दंगल प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ी एक दूसरे से जोर आजमाइश करती हुई
- फोटो : अमर उजाला
रामपुर कारखाना। देसही देवरिया विकास खंड के बालकुआं में आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का गुरुवार को आगाज हुआ। प्रतियोगिता में स्थानीय पहलवानों के अलावा प्रदेश के विभिन्न और दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश, बिहार के पहलवानों ने भी दमखम दिखाया। महिलाओं की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। पहले दिन डेढ़ दर्जन से अधिक मुकाबले हुए।
आयोजक सुनील राव ने अखाड़े में पहलवानों से परिचय कर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। पहला मुकाबला अयोध्या के बजरंगी बाबा और आगरा के लोटन सिंह पहलवान के बीच हुआ। कुश्ती के बीच में लोटन ने खुद को विजेता मानकर माला पहन लिया। दर्शकों की हूटिंग के बीच रेफरी के दल ने उन्हें वापस अखाड़े में बुलाया और दोबारा कुश्ती शुरू हुई। इस बार बजरंगी बाबा ने लोटन को पटखनी दी। महिला वर्ग में पटना की प्रियंका ने देवरिया की रूपाली को एक मिनट में चित कर दिया। पटना की ही अंजली ने गोरखपुर की ज्योति को और पायल ने देवरिया की बबीता को आसमान दिखाया। लखनऊ की अंजली और देवरिया की अनामिका के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। राष्ट्रीय स्तर के पहलवान दिल्ली के संदीप राणा ने ग्वालियर के शिवम पहलवान को तीन मिनट में धुल चटाई। इससे पहले आयोजक सुनील राव ने मुख्य अतिथि राजेश प्रताप राव, भाजपा नेता डॉ. जितेंद्र प्रताप राव, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, इंस्पेक्टर अजय ओझा, प्रबंधक राशिद खान, श्री यादव और अनिल सिंह का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र राव और संचालन मुजीबुल्लाह राही व जावेद ने किया। मुंबई से आए जुबेर खान ने कमेंट्री की। इस दौरान विपिन राव, एसके श्रीवास्तव, प्रधान रोहित राय, राकेश चंद, रिंकू, सोलंकी, हैदर बारिश, मोहम्मद तारिक आदि मौजूद रहे।
आज इनमें होगा मुकाबला
दंगल प्रतियोगिता के दूसरे दिन दंगल फिल्म में काम करने वाले पहलवान रामेश्वर आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उनकी कुश्ती गोरखपुर के उत्तम त्रिपाठी से रखी गई है। महिला वर्ग में बिहार और दिल्ली के पहलवान के बीच मुकाबला होगा।