हर थाने में बनेगा एक आगंतुक कक्ष
आईजी ने एसपी को जमीन चिह्नित करने का दिया आदेश
पुलिस लाइंस, तहसील और ब्लॉकस्तरीय थानों पर बनेगी महिला बैरक
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिले के हर थाने में एक-एक आगंतुक कक्ष बनेगा। आईजी जोन गोरखपुर ने एसपी को जगह चिह्नित करने का आदेश दिया है। वहीं, पुलिस लाइंस, तहसील और ब्लॉकस्तरीय थानों पर महिला बैरक का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए पिछले वित्तीय वर्ष में ही बजट की व्यवस्था की गई है।
आईजी जोन गोरखपुर जय नारायन सिंह ने जोन के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर आदेश दिया है कि अपने-अपने जिले के सभी थानों में एक-एक आगंतुक कक्ष बनवाने की प्रक्रिया शुरू करा दें। जमीन चिह्नित कर जानकारी दें। इसके साथ ही पुलिस लाइंस, तहसील और ब्लॉकस्तरीय थानों में महिला पुलिसकर्मियों के रहने के लिए बैरक का निर्माण कराया जाएगा। ताकि महिला पुलिसकर्मियों को कोई दिक्कत न होने पाए। उन्होंने आदेश दिया है कि एसपी खुद भ्रमण कर जमीन को चिह्नित करें। जमीन पर किसी प्रकार का विवाद नहीं होना चाहिए। आईजी ने कहा है कि इसके लिए पिछले वित्तीय वर्ष में ही बजट की व्यवस्था की गई है। जल्द भूमि चिह्नित कर लें, ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके। एसपी एन. कोलांची का कहना है कि सभी थानों में आगंतुक कक्ष, पुलिस लाइंस, तहसील और ब्लॉकस्तरीय थानों पर महिला बैरक का निर्माण होना है। जल्द ही जमीन चिह्नित कर सूचना भेज दी जाएगी।