फोटो समाचार...
बंद चीनी मिलों को चालू कराने को भरी हुंकार
किसानों की समस्या पर 24 को डीएम से मिलेगा संगठन भाकियू
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भाकियू की बैठक रविवार को सिंचाई विभाग के डाक बंगले में हुई। किसानों ने बंद चीनी मिलों को चालू कराने की मांग की। केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप शाही ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने जिले में बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने का वादा मंच से किया था, लेकिन प्रदेश की सत्ता संभाले डेढ़ साल से अधिक हो गया और अभी तक एक भी चीनी मिलें चालू नहीं र्हुइं। गन्ना किसान परेशान हैं। जिले में गन्ने का रकबा कम होता जा रहा है। बारिश नहीं होने से किसानों की धान की फसल खेतों में सूख गई है। तत्काल प्रभाव से जिले को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। ब्लॉकवार गांवों में निशुल्क बोरिंग कराई जाए। नहरों की सफाई कराने की मांग हुई। इसको लेकर किसान 24 अक्तूबर को डीएम से मिलेंगे। इस दौरान सचिन, विनोद गुप्ता, विनय सिंह, सदानंद यादव, श्यामदेव राय, रामभुआल यादव, भृगुराशन चौहान, महंत गुप्ता, ईश्वर चंद्र शर्मा, सुरेंद्र चौहान मौजूद रहे।
फोटो समाचार
शिक्षामित्र करेंगे विधानसभा का घेराव
बीआरसी सदर पर बैठक में सरकार को दिया दिवाली तक का अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। उत्तर प्रदेश दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ की बैठक रविवार को बीआरसी सदर पर हुई। इसमें सदस्यों ने प्रदेश सरकार को उसका संकल्प पत्र याद दिलाते हुए इसे पूरा करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि दीपावली तक सरकार ने शिक्षामित्रों से किए वादे को पूरा नहीं किया तो 10 नवंबर को विधानसभा को घेराव करेंगे।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने वादा किया था कि शिक्षामित्रों के हित में फैसला लेगी। लेकिन अभी तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया। सरकार ने शिक्षामित्रों के प्रति दोहरी नीति नहीं छोड़ी तो 10 नवंबर से प्रदेश भर के शिक्षामित्र विधानसभा का घेराव करेंगे। मंडल अध्यक्ष कौशल किशोर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने शिक्षामित्रों को सड़क पर लाकर छोड़ दिया है। प्रदेश प्रवक्ता विचंडी यादव एवं सचिव फारूख अहमद ने कहा कि सरकार जब तक शिक्षामित्रों को उनका मान-सम्मान वापस नहीं करती, संघर्ष जारी रहेगा। बैठक को जिलाध्यक्ष जयप्रकाश, महामंत्री विशुनदेव प्रसाद, कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता, तरकुलवा के ब्लॉक अध्यक्ष गेंदा यादव, मुकेश सिंह, मनोज गुप्ता, रमेश कुमार, अरविंद यादव, संतोष विश्वकर्मा, राजेश यादव, उपेंद्र मिश्र आदि ने संबोधित किया।