बरहज। दोस्तों के साथ नहाते समय घाघरा में डूबे धीरेंद्र प्रजापति का शव शुक्रवार की देर शाम पैना गांव के पास बरामद हुआ। हालांकि दूसरे युवक शुभम का कोई पता नहीं चल सका है। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
खुदियां मिश्र गांव निवासी मुन्नीलाल का पुत्र धीरेंद्र (20) बृहस्पतिवार को अपने दोस्त शुभम सहित चार अन्य दोस्तों के साथ नगर से सटे घाघरा तट की ओर गया था। वहां साथ में सेल्फी लेने के बाद पांच दोस्त नदी में नहाने चले गए। नहाते समय धीरेंद्र व शुभम गहरे पानी में जाने से डूब गए। इसके बाद से ही उनका कहीं पता नहीं था। पुलिस व परिजन ग्रामीणों के साथ नदी में दोनों को तलाशने में जुटे थे। शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे पैना गांव के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। नदी से बाहर निकाले जाने पर उसकी पहचान धीरेंद्र प्रजापति के रूप में हुई। सूचना पाकर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुभम की तलाश अभी भी जारी है। थाना प्रभारी रामधारी मिश्र ने बताया कि शिनाख्त के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
---
इनसेट ...
चार दिन बाद भोपाल जाने वाला था धीरेंद्र
बरहज। खुदियां मिश्र गांव निवासी किसान मुन्नीलाल प्रजापति मजदूरी और खेतीबारी से प्राप्त रकम से किसी तरह परिवार का गुजर-बसर करते हैं। वह अपने बड़े बेटे को पढ़ा लिखा कर अच्छा आदमी बनाना चाहते थे। धीरेंद्र सभी भाई बहनों में तीसरे नंबर पर था और बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि का था। वह बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। चार दिन बाद भोपाल जाकर एक निजी स्कूल से डी फार्मा में दाखिला लेने वाला था। लोगों को क्या पता था कि ईश्वर को कुछ और ही मंजूर है। धीरेंद्र की मौत से पूरा गांव सदमे में है।