राजकीय इंटर कॉलेज में मतगणना स्थल का डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। मतगणना स्थल पर पहुंचे डीएम और एसपी आधी अधूरी तैयारियां देख बिफर पड़े। डीएम ने ठेकेदार और पीडब्लूडी के एई को फटकार लगाई और शाम तक कार्य पूरा नहीं होने पर ठेकेदार पर केस दर्ज कराने को कहा। मॉनीटरिंग के लिए नायब तहसीलदार को लगाया।
निकाय चुनाव की मतगणना राजकीय इंटर कॉलेज में आज होगी। मतगणना स्थल पर बांस बल्ली बांधने और जाली लगाने का कार्य किया जा रहा था। इसके लिए दो दिनों से काम चल रहा है। लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो सका। बुधवार को दोपहर में डीएम सुजीत कुमार और एसपी राकेश शंकर, उप निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार, सदर एसडीएम राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। वहां पर सिर्फ दो मजदूर बांस बल्लियों को बांधने का कार्य कर रहे थे। यह देख डीएम और एसपी नाराज हो गए और ठेकेदार को बुलाकर फटकार लगाने लगे। वहां मौजूद लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड के एई केसरी प्रकाश पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मजदूरों की संख्या बढ़ाने को कहा। डीएम ने ठेकेदार से कहा कि अविलंब कार्य पूरा करा दो नहीं तो केस दर्ज करा दूंगा। वहां मौजूद सदर नायब तहसीलदार रामसहाय दुबे को अपनी देख-रेख में काम पूरा कराने को कहा। अफसरों का तेवर देख मातहत हरकत में आ गए। आनन-फानन में और मजदूरों को बुलाया गया। डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि ठेकेदार और लोकनिर्माण विभाग की लापरवाही से मतगणना स्थल पर सुरक्षा की तैयारी पूरी नहीं हुई है। इसको लेकर मातहतों को हिदायत दिया गया।
नाश्ता और भोजन के अलावा दो बार मिलेगी चाय
मतगणना ड्यूटी में एक हजार कर्मचारी और 254 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों को सुबह नाश्ता और दोपहर में भोजन के अलावा दो बार चाय की व्यवस्था की गई है। इसकी जिम्मेदारी पूर्ति विभाग को दी गई है।