देवरिया। एकौना के दिवंगत एसओ एसडी भारती के परिवारवालों को साथी पुलिसवालों ने आर्थिक मदद दी है। जिले के सभी पुलिसवालों ने अपना एक दिन का वेतन उन्हें दिया है। यह धनराशि 2024302 रुपये हुई थी। 23 अगस्त की रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हुआ था।
पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी राजीव मल्होत्रा ने कहा कि दिवंगत एसडी भारती बहुत ही ईमानदार और विभागीय जानकार एसओ थे। उनके निधन से विभाग की अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने सभी से एक दिन का वेतन उनके परिवारवालों को आर्थिक सहयोग के रूप में देने की पहल की थी। इस पर सिपाही, एसआई, सीओ और अन्य तैयार हो गए थे। यह रकम एकत्र कर चेक बनवाया गया। बुधवार को दिवंगत एसआई एसडी भारती के भाई, पत्नी सर्वेश्वरी देवी, दो बेटियां और बेटा चेक लेने पहुंचे थे। एसपी के इस पहल की सभी ने सराहना की। इस दौरान गोपनीय सहायक सुकेश्वर नाथ पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक लल्लन यादव, भुवनेश राय, एसपी के वाचक जयसिंह, पीआरओ एके वर्मा, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना शोभा सिंह सोलंकी आदि मौजूद रहे।