देवरिया। निर्माण मजदूर यूनियन की बैठक शनिवार को एपवा कार्यालय में हुई। पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार को जनविरोधी बताया। कहा कि झूठा वादा और हवाई घोषणाओं से देश का भला नहीं होगा। योगी सरकार पर मानक का उल्लंघन कर शराब लाइसेंस जारी करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में 29 जून को प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेमलता पांडेय ने कहा कि तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी जनता का भला नहीं हो सका है। श्रम कानूनों में कटौती का काम कर रही है। ताकि बहुराष्ट्रीय कंपनीज को फायदा मिल सके। पीएम नरेंद्र मोदी ने तीन साल से अधिक का कार्यकाल पूरा कर लिया है। चुनावी जनसभाओं में प्रत्येक वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किए थे लेकिन अब तक एक लाख युवाओं को भी रोजगार नहीं दे सकी है। भूमिहीन परिवार को महज पांच किलोग्राम राशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की शराबी नीति दिशाहीन है। गलत तरीके से शराब का लाइसेंस जारी कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। इस दौरान छोटेलाल राजभर, किसमती, सविता सिंह, महबूब आलम, राबड़ी देवी, सोना देवी, रोशन जहां आदि रहीं।