देवरिया। शनिवार को आखिरकार सुलोचना एसपी से मिलने में कामयाब हो गई। एसपी ने उसे डांटा तो वह बोली साहब चाहे जो हो जाए, जीये या मरे, रहेगी तो बृजेश के साथ ही। वह अपनी बात पर कायम है। न्याय और हक पाने के लिए सोमवार से धरने पर बैठेगी। एसपी ने ईद का त्योहार होने की बात कह मंगलवार को बुलाया है।
भलुअनी की सुलोचना भाई मनीष के साले बृजेश के साथ चार साल से लिव-इन-रिलेशन में रह रही थी। बारीपुर मंदिर में दोनों ने शादी भी की है। कुछ दिन पूर्व से बृजेश सुलोचना से दूरी बनाने लगा था। इससे नाराज होकर वह बृहस्पतिवार को सुलोचना बारात लेकर प्रेमी के घर चकरा उपाध्याय गांव पहुंची थी। प्रेमी युवक घर छोड़कर कहीं चला गया है। शनिवार को सुलोचना एसपी से मिली तो एसपी राजीव मल्होत्रा ने उसे फटकार लगाई। कहा कि सारी गलती उसी की है। पहले पति से तलाक का कागजात लेकर आए तो वह आगे की कार्रवाई करें। सुलोचना ने कहा कि साहब चाहे जो हो जाए, वह रहेगी तो बृजेश के साथ ही। उसे जीने और मरने का कोई गम नहीं है। उसने ऐलान किया है कि सोमवार से धरने पर बैठेगी। सुलोचना के तेवर से एसपी नरम पड़ गए। उन्होंने समझाया और कहा कि धरना देने से कुछ होने वाला नहीं है। सोमवार को ईद का त्योहार पड़ रहा है। इसलिए वह मंगलवार को कार्यालय आए। एसपी ने कहा कि वह प्रेमी पक्ष के लोगों को भी मंगलवार को बुला लेंगे। इसके बाद सुलोचना ने सोमवार को धरने पर बैठने का मामला स्थगित कर दिया। उसका कहना है कि मंगलवार की वार्ता के बाद वह आगे की रणनीति तय करेगी।