बरियारपुर। थाना क्षेत्र के गौरकोठी गांव में शुक्रवार की देर रात चाकू की नोक पर एक युवक से 20 हजार रुपये लूटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि गांव के ही आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर अगले महीने उसकी बहन की शादी के दिन बरात में हंगामा करने की धमकी भी दी है। गौरकोठी के सिन्हा टोला निवासी रामसेवक विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनका पुत्र अंकित विश्वकर्मा शुक्रवार की देर रात देवघाट से 20 हजार रुपये लेकर घर लौट रहा था।
रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि युवकों ने अंकित के गले पर चाकू रखकर उसे डराया-धमकाया और उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये जबरन निकाल लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने धमकी दी कि यदि मामले की शिकायत की गई तो मई में होने वाली उसकी बहन की बरात में हंगामा कर देंगे।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी दीप मंजरी पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद