तरकुलवा। एसएसबी में फर्जी दस्तावेज पर आरक्षी की नौकरी दिलकर जालसाज ने एक युवक से 7.50 लाख रुपये ठग लिए। एक साल नौकरी के बाद जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर युवक बर्खास्त हो गया। इस मामले में पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के दूबे टोला निवासी तेजारत सिद्दीकी पर धोखाधड़ी कर नियुक्ति पत्र दिलाने का आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। कुशीनगर जिले के थाना चौरा खास के खैरटिया गांव निवासी बृजेश कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि थाना क्षेत्र के दूबे टोला गांव निवासी तेजारत सिद्दीकी ने एसएसबी में आरक्षी की नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 7.50 लाख रुपये हड़प लिए।
आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज बनाकर नौकरी दिला दी। एक साल नौकरी करने के बाद विभागीय जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी मिलने पर उो नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। रुपये वापस मांगने पर आरोपी जानमाल की धमकी देने लगा। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पर धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि एक आरोपी पर धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।