संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के भलुआ गांव में लगा 100 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर तीन दिन पहले जल गया। तबसे 2000 की आबादी अंधेरे में डूबी हुई है। उमसभरी गर्मी में बिजली नहीं मिलने से लोगों की नींद हराम हो गई है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है। उधर, निगम के जिम्मेदार अभी ट्रांसफार्मर नहीं उपलब्ध है बोलकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। इसको लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है। भलुआ गांव में बिजली निगम ने बिजली आपूर्ति के लिए दो 100 एमवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया है। इसमें एक ट्रांसफार्मर शुक्रवार को जल गया। बताया जा रहा है कि जले ट्रांसफार्मर से करीब 200 उपभोक्ताओं का कनेक्शन संचालित होता है। इस उमसभरी गर्मी में विद्युत ट्रांसफार्मर जलने से दो हजार की आबादी बेहाल पड़ी है। गांव के सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र प्रसाद, लल्लन सिंह, रविंद्र प्रसाद, गौरी यादव और चंद्रशेखर मल्ल का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत करने के लिए उपकेंद्र पर जाने पर जेई मिल ही नहीं रहे हैं।
इतना ही नहीं उनके मोबाइल पर फोन करने पर हमेशा स्विच आफ बता रहा है। ऐसे में ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत आनलाइन की गई है। जेई सोनू कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी है।
स्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। स्टोर में अभी 100 एमवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है। एक से दो-दिन में ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।