संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बरियारपुर। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय, मेहरौना में बच्चों के भोजन में रविवार को कीड़ा मिला। यह जानकारी होते ही छात्र आक्रोशित हो गए। परिसर से बाहर आकर हंगामा और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
छात्रों की मानें तो मेन्यू में सुबह चावल और पनीर बना था। छात्र जब खाना खाने पहुंचे तो उसमें कीड़ा मिला। यह देख छात्र आग बबूला हो गए। उनका सब्र जवाब दे गया। छात्र हुजूम में एकत्रित होकर प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए डीएम दिव्या मित्तल को बुलाने की जिद पर अड़ गए। देर शाम में पहुंचीं एसडीएम श्रृति शर्मा ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई का भी आश्वासन दिया। एसडीएम ने तहसीलदार केके मिश्र और नायब तहसीलदार के साथ मेस की जांच की। छात्रों ने चावल में घून व कीड़ा मिलने की बात कही। छात्रों ने आरोप लगाया कि पानी की टंकी में कबूतर मरे पड़े रहते हैं। वही पानी पीने के लिए दिया जाता है। इस पर एसडीएम ने सभी को चेताया। साथ ही तीन सरकारी चापाकल लगवाने की बात कही।
उन्होंने प्रधानाचार्य प्रवीण चंद्र चौधरी और मेस ठेकेदार अरविंद मिश्रा को निर्देश दिया कि सुबह, दोपहर और शाम में खाने की जांच कर छात्रों के साथ बैठकर दोनो लोग खुद भी खाना खाएं। इसकी फोटो व वीडियो भेजकर रिपोर्ट करें। गौरतलब हो कि बीते 16 जुलाई को खाने में छिपकली मिलने का आरोप विद्यालय में कक्षा छह के छात्र मईल थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी आर्यन गौड़ पुत्र जयनाथ गौड़ ने लगाया था।
खाना खाने से वह छात्र गंभीर हो गया था और मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज करवाया गया था। इससे पूर्व भी अगस्त 2024 में विद्यालय में बासी भोजन खाने के बाद इलाज के दौरान एक छात्र की मौत हुई थी। इस घटना में 60 छात्र बीमार हुए थे।