देवरिया और सिरसिया रजवाहे के टूटने से किसानों की फसल डूब गई।
देवरिया। सिंचाई विभाग के अफसरों की लापरवाही से दो नहरें कई जगहों पर टूट गई हैं। इसके चलते करीब 200 एकड़ फसल डूब गई हैं। फसल बर्बाद होने पर किसानों में नाराजगी है। किसानों ने इसके लिए जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रबी की फसल गेहूं, सरसों और आलू की सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया है। देवरिया और सिरसिया रजवाहा कई जगहों पर ओवरफ्लो हो रही है। नहरें कई जगहों पर टूट गई हैं। देवरिया रजवाहा बालकुंआ और बलुआ गांव के बीच में शनिवार की रात टूट गई। इसमें गेहूं, सरसों और आलू की फसल डूब गई हैं। किसान बृजराज राव, अवधेश राव, जगदंबा, लियाकत अंसारी, प्रमोद पांडेय, इम्तियाज, फूलबदन आदि का कहना है कि उनकी फसलें बर्बाद हो गई।
सिरसिया रजवाहा जिगिनी बाजार और टीलाटाली के सामने भी टूट गई है। किसान कृष्णा पटेल, रामदरश, समीर, अंगद, भृगु, अलीमुल्लाह, सत्येंद्र आदि की फसल डूब गई हैं। किसानों का कहना है कि नहर की सफाई कराए बिना पानी छोड़ दिए जाने से यह नौबत आई है। नहर ओवरफ्लो हो रही है। दबाव की वजह से जगह-जगह टूट रही है। अधिशासी अभियंता पंकज कुमार का कहना है कि नहरों के टूटने की जानकारी है, मरम्मत कराई जा रही है।