- प्रथम व द्वितीय पाली में नहीं पकड़ा गया कोई नकलची
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में जिले में 27 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान उड़ाका दल की टीम को एक भी नकलची नहीं मिला। गुरुवार को सुबह की पाली सुबह आठ से 11.15 बजे तक हाईस्कूल में संगीत गायन एवं इंटर में काष्ठशिल्प, ग्रंथशिल्प, सिलाई के प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। इसमें हाईस्कूल में पंजीकृत 165 छात्रों में 143 उपस्थित व 22 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर के विषयों में पंजीकृत पांच परीक्षार्थियों में सभी अनुपस्थित पाए गए। दोपहर में दो से 5.15 बजे तक द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र विषय का प्रश्न पत्र था। इसमें कुल 139 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। डीआईओएस शिवचंद राम ने बताया कि पहले दिन की बोर्ड परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सख्ती के चलते कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
---
डीएम और एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
डीएम अमित किशोर व एसपी एन.कोलांची ने गुरुवार को बोर्ड परीक्षा के द्वितीय पाली में शहर के कलिंद इंटर कॉलेज और कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा को पूरी शुचिता व नकलविहीन संपन्न कराने का निर्देश संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों को दिया। कस्तूरबा में एक परीक्षा कक्ष में कुल 27 छात्राएं परीक्षा दे रही थी, जिसमें से 23 मनोविज्ञान व चार शिक्षा शास्त्र विषय के परीक्षार्थी रहे। डीएम ने विद्यालय भवन को देखा और कहा कि भवन काफी पुराना हो गया है। साथ ही परिसर का निरीक्षण करने के बाद प्रधानाचार्य को परिसर का लेआउट बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।